राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा दिसंबर 2026 में आयोजित होने वाली दो प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इनमें राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी प्रारंभिक परीक्षा 2026 (RAS) और प्राध्यापक विशेष शिक्षा प्रतियोगी परीक्षा 2026 (1st ग्रेड टीचर) शामिल हैं। आयोग की ओर से दोनों परीक्षाओं की तारीख, समय, प्रवेश पत्र और परीक्षा केंद्र से संबंधित जानकारी कब जारी की जाएगी वो बताए गया है। इसलिए अभ्यर्थियों के लिए जरूरी है कि वे परीक्षा से पहले सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें।
6 दिसंबर को होगी RAS प्रारंभिक परीक्षा
राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी प्रारंभिक परीक्षा 2026 का आयोजन 6 दिसंबर 2026 को किया जाएगा और परीक्षा दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक एक ही पारी में आयोजित होगी।
इस परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी 29 नवंबर 2026 से SSO पोर्टल पर लॉगिन करके अपने आवंटित परीक्षा जिले की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और परीक्षा के प्रवेश पत्र 3 दिसंबर 2026 को जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी इन्हें RPSC की आधिकारिक वेबसाइट और SSO पोर्टल से डाउनलोड कर पायेंगे।
8 दिसंबर को होगी विशेष शिक्षा की परीक्षा
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्राध्यापक विशेष शिक्षा प्रतियोगी परीक्षा 2026 का आयोजन 8 दिसंबर 2026 को किया जाएगा और यह परीक्षा दो पारियों में होगी। पहली पारी सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।
इस परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी 1 दिसंबर 2026 से SSO पोर्टल पर लॉगिन करके अपना आवंटित परीक्षा जिला देख सकेंगे और परीक्षा के प्रवेश पत्र 5 दिसंबर 2026 को आयोग की वेबसाइट और SSO पोर्टल पर उपलब्ध होंगे।
OMR शीट भरने के लिए मिलेगा अतिरिक्त समय
आयोग ने दोनों परीक्षाओं में OMR उत्तर पत्रक के पांचवें विकल्प को भरने के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय देने की जानकारी भी दी है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई हे कि वे परीक्षा के दौरान इस निर्देश का ध्यान रखें और उत्तर भरते समय जल्दबाजी न करें।
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के नियमों का रखें ध्यान
RPSC ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक परीक्षा सत्र में परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा एवं निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। इसलिए अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से काफी पहले केंद्र पर पहुंचना चाहिए, ताकि सुरक्षा जांच और पहचान संबंधी प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
पहचान के लिए अभ्यर्थियों को नई और स्पष्ट फोटो वाला मूल रंगीन आधार कार्ड साथ लेकर जाना होगा। यदि आधार कार्ड पर लगी तस्वीर पुरानी या अस्पष्ट है, तो अभ्यर्थी अपने साथ ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या वोटर पहचान पत्र जैसे अन्य मूल फोटो पहचान पत्र ले जा सकते हैं। इन दस्तावेजों पर स्पष्ट और नवीनतम रंगीन फोटो होना जरूरी है, प्रवेश पत्र पर भी नवीनतम स्पष्ट रंगीन फोटो लगा होना चाहिए होनी चाहिए।
एडमिट कार्ड कहां से डाउनलोड करें?
अभ्यर्थी RPSC की आधिकारिक वेबसाइट https://rpsc.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध Admit Card लिंक के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते पाएंगे, इसके लिए एप्लीकेशन नंबर और जन्म तिथि की जरूरत होगी।
इसके अलावा SSO पोर्टल https://sso.rajasthan.gov.in पर लॉगिन करके Citizen Apps (G2C) में उपलब्ध Recruitment Portal के जरिए भी संबंधित परीक्षा का एडमिट कार्ड डाउनलोड किया जा सकता है।
परीक्षा केंद्र की लोकेशन पहले ही जांच लें
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा केंद्र की लोकेशन के लिए केवल Google Maps पर निर्भर न रहें। तकनीकी कारणों से कुछ परीक्षा केंद्रों की लोकेशन मैप पर स्पष्ट दिखाई नहीं दिख सकती है इसलिए ई-प्रवेश पत्र पर दिए गए पते की जानकारी पहले ही प्राप्त कर लें और परीक्षा से पहले केंद्र की स्थिति की जांच कर लेवे इससे परीक्षा वाले दिन अनावश्यक देरी से बचा जा सकेगा।
दलालों और अनुचित साधनों से रहें सावधान
RPSC ने अभ्यर्थियों को किसी भी दलाल, बिचौलिए या सोशल मीडिया पर परीक्षा में पास कराने का दावा करने वाले व्यक्ति के बहकावे में न आने की चेतावनी दी है यदि कोई व्यक्ति परीक्षा में सफलता दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगता है या किसी तरह का प्रलोभन देता है, तो अभ्यर्थी सबूतों के साथ आयोग के नियंत्रण कक्ष या जांच एजेंसी को इसकी सूचना दे सकते हैं।
इस संबंध में आयोग ने 0145-2635200, 0145-2635212 और 0145-2635255 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
यह भी चेतावनी दी है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने या अन्य गलत गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम के उपाय) अधिनियम, 2022 के तहत कड़ी कार्रवाई की जा सकती है, इसमें आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना और चल-अचल संपत्ति की कुर्की व जब्ती जैसे प्रावधान शामिल हैं। दोनों परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे अपने एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उसमें दिए गए सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और परीक्षा केंद्र का पता, जरूरी दस्तावेज और रिपोर्टिंग से जुड़े नियम पहले ही जांच लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।